Big breaking :-इच्छाधारी बाबा बनकर ठगी और शोषण करने वाला गिरफ्तार, ऊधमसिंह नगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई - News Height
UTTARAKHAND NEWS

Big breaking :-इच्छाधारी बाबा बनकर ठगी और शोषण करने वाला गिरफ्तार, ऊधमसिंह नगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

ऊधमसिंह नगर पुलिस ने अंधविश्वास और ठगी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक स्वयंभू ‘इच्छाधारी बाबा’ को गिरफ्तार किया है। आरोपी बाबा लंबे समय से चमत्कारी शक्तियों का झांसा देकर लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी और महिलाओं का शोषण कर रहा था। पुलिस ने उसे रुद्रपुर के रामपुर रोड स्थित डिग्री कॉलेज के पास से गिरफ्तार किया।

8 जून को रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र की एक महिला ने बाबा के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए तहरीर दी थी। महिला का कहना था कि बाबा ने घर में दबे खजाने को निकालने के बहाने उसके साथ दुष्कर्म किया, फिर इस कृत्य का वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल किया और 5 लाख रुपये ऐंठ लिए। इसके बाद वह और 20 लाख रुपये की मांग कर रहा था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा ने एक विशेष टीम गठित की। सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने 9 जून की शाम आरोपी रामभक्त को गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया कि वह बाबा बनने के लिए महंगे कपड़े, मेकअप, किराए की लग्जरी गाड़ियां और अलग-अलग वेशभूषा का इस्तेमाल करता था ताकि खुद को चमत्कारी और प्रभावशाली दिखा सके।

आरोपी ‘बाल जलाकर पैसे बनाने’, ‘घर में गड़ा खजाना निकालने’, ‘काला साया हटाने के लिए बलि देने’, ‘वशीकरण’ और ‘सम्मोहन’ जैसी गतिविधियों का झांसा देकर भोले-भाले लोगों से ठगी करता था। वह महिलाओं को संतान प्राप्ति का झांसा देकर उनका शारीरिक और आर्थिक शोषण करता था।

पुलिस के अनुसार, आरोपी पहले भी कई बार जेल जा चुका है और हाल ही में मुंबई भागने की फिराक में था, लेकिन पुलिस की सतर्कता ने उसके मंसूबों पर पानी फेर दिया। इस कार्रवाई के लिए एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने पुलिस टीम को ₹5,000 का नकद इनाम देने की घोषणा की है।

पुलिस ने जनता से अपील की है कि वे ऐसे फर्जी बाबाओं से सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। यह गिरफ्तारी अंधविश्वास और ठग प्रवृत्ति के खिलाफ एक सख्त संदेश है कि समाज को गुमराह करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

न्यूज़ हाइट (News Height) उत्तराखण्ड का तेज़ी से उभरता न्यूज़ पोर्टल है। यदि आप अपना कोई लेख या कविता हमरे साथ साझा करना चाहते हैं तो आप हमें हमारे WhatsApp ग्रुप पर या Email के माध्यम से भेजकर साझा कर सकते हैं!

Click to join our WhatsApp Group

Email: [email protected]

Author

Author: Pankaj Panwar
Website: newsheight.com
Email: [email protected]
Call: +91 9837825765

To Top