यूपी पुलिस पर हमला, कार से टक्कर मारकर आरोपी को छुड़ाने की कोशिश, दो पुलिसकर्मी घायल
त्रिमूर्ति बाजार की ओर गश्त के दौरान पुलिस को आरोपी दिखाई दिया, जिसे हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए ले जाया जा रहा था। इस दौरान इसी दौरान आरोपी के बेटे ने अपने साथियों के साथ दो गाड़ियों से पुलिस वाहन को जानबूझकर कई बार टक्कर मारी ।
ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए आई उत्तर प्रदेश पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि आरोपी के बेटे और उसके साथियों ने पुलिस की निजी गाड़ी को हाईवे पर घेरकर बार-बार टक्कर मारी इसमें पुलिसकर्मी बाल-बाल बचे। घटना में महिला कांस्टेबल समेत दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस ने पांच नामजद और चार अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित प्रभावी धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। आरोपी के बेटे सहित तीन लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, थाना छपार, मुजफ्फरनगर में तैनात उपनिरीक्षक अनुराग सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि छपार थाने में दर्ज प्राथमिकी में वांछित आरोपी संजय निवासी सुभाष नगर ज्वालापुर की तलाश में वह टीम के साथ हरिद्वार पहुंचे थे। पुलिस टीम ने कोतवाली ज्वालापुर में आमद दर्ज कराने के बाद आरोपी के घर दबिश दी लेकिन वह मौके पर नहीं मिला। इस दौरान उसका बेटा ईशांत घर पर मौजूद था जिसने पुलिस से अभद्रता की। बाद में त्रिमूर्ति बाजार की ओर गश्त के दौरान पुलिस को संजय दिखाई दिया, जिसे हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए ले जाया जा रहा था।
आरोप है कि इसी दौरान आरोपी के बेटे ईशांत ने अपने साथियों के साथ दो गाड़ियों से पुलिस वाहन का पीछा किया। भूमानंद अस्पताल के पास पुलिस की गाड़ी को जानबूझकर कई बार टक्कर मारी गई और पुलिसकर्मियों को जान से मारने की धमकी दी गई।
पुलिस वाहन रुकने पर सभी ने घेराबंदी कर मारपीट का प्रयास किया। घटना में महिला कांस्टेबल प्राची और कांस्टेबल अनिल कुमार को चोटें आईं। सूचना पर कोतवाली ज्वालापुर पुलिस मौके पर पहुंची और ईशांत, शिवम मलिक व अमन को गिरफ्तार कर लिया जबकि एक आरोपी फरार हो गया। कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा, जानलेवा हमला और तोड़फोड़ सहित प्रभावी धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 न्यूज़ हाइट के समाचार ग्रुप (WhatsApp) से जुड़ें
👉 न्यूज़ हाइट से टेलीग्राम (Telegram) पर जुड़ें
👉 न्यूज़ हाइट के फेसबुक पेज़ को लाइक करें
अपने क्षेत्र की ख़बरें पाने के लिए हमारी इन वैबसाइट्स से भी जुड़ें -





