राजधानी में वारदात; चार दोस्तों ने युवक को पीटकर मार डाला, फिर रेत में दबा लगाया ठिकाने
दिगम्बर 9 फरवरी को परिजनों को दोस्तों के साथ बाहर जाने की बात कहकर निकला था। देर रात तक वापस न लौटने पर परिवार ने उसकी तलाश शुरू की।
परिजनों ने 11 फरवरी को पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की।
विक्रम हत्याकांड का खुलासा भी नहीं हुआ कि राजधानी में एक और हत्याकांड से सनसनी फैल गई। नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र में पार्टी के दौरान हुए विवाद में चार दोस्तों ने एक युवक की हत्या कर दी। इसके बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए टैक्सी बुक की और लाश जंगल में रेत से दबा आए। पुलिस ने पटेलनगर निवासी टैक्सी चालक राजनन्दन को गिरफ्तार कर कार भी कब्जे में ले ली है
वसंत विहार थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर में रहने वाला दिगंबर धीमान नौ फरवरी से लापता था। परिजनों की शिकायत पर 11 फरवरी को वसंत विहार थाने में गुमशुदगी दर्ज की गई थी। एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि इसके बाद पुलिस तत्परता से मामले की जांच कर रही थी। सीसीटीवी फुटेज, कॉल रिकार्ड और लोकेशन के आधार पर पुलिस एक टैक्सी चालक तक पहुंची। इसकी कार से ही चारों युवकों ने दिगंबर की लाश को ठिकाने लगाया था। पुलिस ने हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की तो एक के बाद एक कडि़यां जुड़ती गईं। टैक्सी चालक राजनन्दन की निशानदेही पर हरिद्वार जिले के श्यामपुर थाना क्षेत्र के चिडि़यापुर के जंगल से पुलिस ने युवक का शव बरामद कर लिया। शव को रेत में दबाकर छिपाया गया था।
बताया जा रहा है कि दिगंबर अपने चार दोस्तों हेमंत सेमवाल, अंकित, संजू और आदिल के साथ पार्टी करने के लिए नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र में खड्डा कॉलोनी गया था। यहां सभी ने शराब पी। इसी दौरान इनमें किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इससे गुस्साए दोस्तों ने दिगंबर के सिर पर बेसबाल के बैट से वार कर दिया। दिगंबर की माैके पर ही मौत हो गई। इसके बाद युवक घटना को छिपाने के लिए एक टैक्सी से शव को दूसरे जिले की सीमा क्षेत्र में जंगल में फेंक आए। एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि मामले में कुछ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और बाकी लोगों की गिरफ्तारी के प्रयास चल रहे हैं। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
घटना से बाद से लापता थे चारों दोस्त
पुलिस ने मामले की जांच शुरू की तो सबसे पहले दिगंबर के साथ पार्टी करने गए दोस्तों की तलाश की लेकिन चारों दोस्त इस वारदात को अंजाम देने के बाद से लापता थे। ऐसे में पुलिस को इन पर और शक गहरा गया। इसके बाद इनकी कॉल डिटेल और लोकेशन की गहनता से जांच की गई। इस आधार पर टैक्सी चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो मामले की परतें खुलती चलीं गईं।
पॉक्सो के मामले में आरोपी है दिगंबर
मृतक दिगंबर वसंत विहार थाना में 2021 में दर्ज नाबालिग के यौन उत्पीड़न के मामले में आरोपी था। इस मुकदमे की तारीख पर वह पिता के साथ नौ फरवरी को पॉक्सो कोर्ट पहुंचा था। अदालत से उसे अगली तिथि मिल गई। इसके बाद उसने अपने पिता को घर भेज दिया और चार दोस्तों के साथ नेहरू कॉलोनी क्षेत्र में पार्टी करने चला गया था।
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 न्यूज़ हाइट के समाचार ग्रुप (WhatsApp) से जुड़ें
👉 न्यूज़ हाइट से टेलीग्राम (Telegram) पर जुड़ें
👉 न्यूज़ हाइट के फेसबुक पेज़ को लाइक करें
अपने क्षेत्र की ख़बरें पाने के लिए हमारी इन वैबसाइट्स से भी जुड़ें -





