देहरादून में कांग्रेस 12, भाजपा की 7 सीटों पर जीत; देखिए पंचायत चुनाव के कैसे रहे नतीजे
उत्तराखंड पंचायत चुनाव के शुरुआती नतीजे सामने आ गए हैं। अभी तक के रिजल्ट में बीजेपी और कांग्रेस दोनों ही गदगद हैं। देहरादून में कांग्रेस समर्थित के 12 उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की है वहीं बीजेपी सात सीटों पर जीती है।
देहरादून में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के शुरुआती परिणामों से कांग्रेस और भाजपा गदगद है। जिला पंचायत में कांग्रेस के घोषित समर्थित 16 प्रत्याशियों में से 12 ने जीत दर्ज की है। भाजपा ने सात सीटें जीतीं। दून में निवर्तमान जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चौहान के गढ़ में कांग्रेस ने सेंधमारी करते हुए 11 में से सात सीटें जीती हैं। रानीपोखरी से कांग्रेस की पृष्ठभूमि के पंचम बिष्ट ने भाजपा समर्थित प्रत्याशी को शिकस्त दी है। उधर, गुरुवार देर रात तक बाकी सीटों पर मतगणना जारी रही
वहीं, जिला पंचायत सदस्यों को लेकर मतगणना देर रात तक जारी रही। कांग्रेस ने 30 जिला पंचायत सीटों में इस चुनाव में 16 प्रत्याशियों को घोषित किया था। बाकी सीटों पर कांग्रेस की पृष्ठभूमि के उम्मीदवार चुनाव में उतरे थे।
विधानसभा चुनाव में हारे थे, अब मिलेगा बूस्टर
लंबे समय से कांग्रेस उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव और लोकसभा में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाई थी। वर्ष 2023 में विधानसभा चुनाव हुए थे, जिसमें कांग्रेस को 19 और भाजपा को 47 सीटें मिली थीं। दो बसपा और दो निर्दलीय जीते थे। लोकसभा की बात करें तो उत्तराखंड की पांच सीटों पर भाजपा ने जीत दर्ज की थी। अब पंचायत चुनाव में कांग्रेस का प्रदर्शन ठीकठाक रहा। पूर्व में हुए चुनाव में कांग्रेस समर्थित जिपं सदस्यों की संख्या 10 तक पार नहीं हुई थी।
.भाजपा गदगद, कांग्रेस के लिए भी सुखद नतीजे
देहरादून में गुरुवार को देर रात आए परिणाम से जहां भाजपा गदगद दिखी, वहीं कांग्रेस के लिहाज से भी परिणाम सुखद रहे। कांग्रेस का दावा है कि 16 में से 12 उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की है। पार्टी के पूर्व अध्यक्ष एवं चकराता के विधायक प्रीतम सिंह के पुत्र अभिषेक ने बृनाड बास्तील से जीत दर्ज की। शेष सीटों पर देर रात तक मतगणना जारी रही। दूसरी ओर, 23 सीटों में कांग्रेस को 12, भाजपा को सात सीटों पर जीत मिली है और तीन सीटों पर निर्दलीय ने मैदान मारा है। एक सीट पर कांग्रेस की पृष्ठभूमि के प्रत्याशी ने जीत दर्ज की है। बाकी सीटों पर देर रात तक मतगणना जारी रही।
मधु समेत 28 नेताओं को भाजपा ने लड़ाया चुनाव
देहरादून जिला पंचायत की कुल 30 सीटों में से भाजपा ने 28 पर अपने अधिकृत प्रत्याशी घोषित किए थे। इनमें विकासनगर विधायक मुन्ना सिंह चौहान की पत्नी निवर्तमान जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चौहान भी शामिल रहीं। वहीं, कांग्रेस ने 16 सीटों पर ही अधिकृत प्रत्याशी घोषित किए थे। भाजपा ने दो और कांग्रेस ने 24 सीटों को पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के लिए स्वतंत्र रखा था।
जौनसार बावर की 11 जिला पंचायत सीटों में से सात पर कांग्रेस ने कब्जा किया, तीन पर भाजपा जीती। चकराता के बृनाड बास्तील से विधायक प्रीतम सिंह के पुत्र अभिषेक सिंह चौहान ने जीत हासिल की। वहीं कालसी ब्लॉक में कचटा से भाजपा की पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चौहान भी जीत गई हैं अभिषेक ने जहां अपने परिवार की सियासी विरासत को आगे बढ़ाया है वहीं दो बार जिला पंचायत अध्यक्ष रहीं मधु चौहान ने चौथी बार जीत दर्ज की, बृनाड बास्तील से अभिषेक सिंह को 4005 वोट मिले। उनके निकटतम प्रतिद्वंदी भाजपा के शांतिराम को 2096 वोट मिले। चकराता ब्लॉक में जिला पंचायत की छह में से पांच सीटों पर कांग्रेस ने परचम लहराया है। एक सीट पर निर्दलीय जीता। वहीं कालसी ब्लॉक में भी कांग्रेस ने मंगरोली व आरा सीट पर जीत हासिल की। कालसी ब्लॉक की तीन सीट भाजपा के खाते में गई। चकराता ब्लॉक में रायगी से कांग्रेस के श्याम सिंह चौहान विजयी रहे।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 न्यूज़ हाइट के समाचार ग्रुप (WhatsApp) से जुड़ें
👉 न्यूज़ हाइट से टेलीग्राम (Telegram) पर जुड़ें
👉 न्यूज़ हाइट के फेसबुक पेज़ को लाइक करें
अपने क्षेत्र की ख़बरें पाने के लिए हमारी इन वैबसाइट्स से भी जुड़ें -
