Big breaking :-चारधाम यात्रा की सुरक्षा पर सरकार सख्त, स्वास्थ्य और सड़क सुरक्षा पर बुधवार को बड़ा मंथन - News Height
UTTARAKHAND NEWS

Big breaking :-चारधाम यात्रा की सुरक्षा पर सरकार सख्त, स्वास्थ्य और सड़क सुरक्षा पर बुधवार को बड़ा मंथन

 

*चारधाम यात्रा की सुरक्षा पर सरकार सख्त, स्वास्थ्य और सड़क सुरक्षा पर बुधवार को बड़ा मंथन*

*राज्यपाल, सीएम धामी और कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल रहेंगे मौजूद, विशेषज्ञ देंगे अहम सलाह*

चारधाम यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने की दिशा में बुधवार 1 अप्रैल को लोकभवन देहरादून में एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। एचएनबी उत्तराखंड मेडिकल एजुकेशन यूनिवर्सिटी द्वारा “चारधाम यात्रा के दौरान मेडिकल समस्याएं एवं सड़क दुर्घटना सुरक्षा उपाय” विषय पर यह कार्यक्रम लोक भवन ऑडिटोरियम में सुबह 11 बजे से शुरू होगा।

 

इसमें शासन, प्रशासन और चिकित्सा क्षेत्र के विशेषज्ञ एक मंच पर नजर आएंगे। कार्यक्रम में उत्तराखंड के राज्यपाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल भी कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। इस दौरान सरकार की ओर से चारधाम यात्रा को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए उठाए जा रहे कदमों की जानकारी दी जाएगी। कार्यक्रम की शुरुआत पंजीकरण प्रक्रिया से होगी। राज्यपाल के आगमन पर वंदे मातरम् और राष्ट्रगान के साथ औपचारिक शुभारंभ किया जाएगा। इसके बाद दीप प्रज्वलन किया जाएगा। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) भानु दुग्गल स्वागत भाषण देंगी और कार्यक्रम की रूपरेखा तथा उद्देश्यों पर विस्तार से प्रकाश डालेंगे।

*हर साल सामने आती हैं स्वास्थ्य और दुर्घटना की चुनौतियां*
चारधाम यात्रा के दौरान हर वर्ष लाखों श्रद्धालु उत्तराखंड पहुंचते हैं। इस दौरान यात्रियों को ऊंचाई से जुड़ी बीमारियों, ऑक्सीजन की कमी, थकान, अचानक स्वास्थ्य खराब होने और सड़क दुर्घटनाओं जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। इन्हीं चुनौतियों के समाधान और जागरूकता के लिए यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।

*विशेषज्ञ देंगे सड़क सुरक्षा और प्राथमिक उपचार की जानकारी*
कार्यक्रम के पहले सत्र में जीएमसी हल्द्वानी के ऑर्थोपेडिक्स विभागाध्यक्ष डॉ. पंकज पहाड़ी क्षेत्रों में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, सुरक्षित ड्राइविंग और दुर्घटना की स्थिति में प्राथमिक उपचार के उपायों पर जानकारी देंगे। यह सत्र यात्रियों और वाहन चालकों दोनों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

*हिमालयी क्षेत्रों की बीमारियों पर होगा फोकस*
दूसरे सत्र में उच्च हिमालयी क्षेत्रों में होने वाले न्यूरोलॉजिकल विकारों और उनकी जटिलताओं पर चर्चा की जाएगी। विशेषज्ञ इन बीमारियों के लक्षणों और समय रहते बचाव के उपायों पर विस्तृत जानकारी देंगे, ताकि यात्रियों को जोखिम से बचाया जा सके।

*हाई एल्टीट्यूड सिकनेस पर विशेष सत्र*
तीसरे सत्र में पद्मश्री प्रो. (डॉ.) एस.सी. मंचंदा हाई एल्टीट्यूड सिकनेस से बचाव, यात्रा से पहले की तैयारी, जरूरी स्वास्थ्य जांच, यात्रा के दौरान सावधानियां और शुरुआती लक्षणों की पहचान पर विस्तार से मार्गदर्शन देंगे। यह सत्र खास तौर पर यात्रियों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगा।

*‘सेफ चारधाम यात्रा’ पुस्तिका का होगा विमोचन*
कार्यक्रम के दौरान “सेफ चारधाम यात्रा” विषय पर आधारित तीर्थ शिक्षा पुस्तिका का विमोचन भी किया जाएगा। इस पुस्तिका में यात्रा के दौरान स्वास्थ्य सुरक्षा, ऊंचाई से जुड़ी समस्याओं से बचाव और दुर्घटना की स्थिति में अपनाए जाने वाले उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई है।

*विशेषज्ञों का होगा सम्मान*
चारधाम यात्रा में बढ़ती भीड़ और चुनौतियों के बीच यह कार्यक्रम बेहद अहम माना जा रहा है। इससे यात्रियों को स्वास्थ्य और सुरक्षा के प्रति जागरूकता मिलेगी, साथ ही प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर यात्रा को और अधिक सुरक्षित और सुगम बनाया जा सकेगा। समारोह में विभिन्न विशेषज्ञों और वक्ताओं को राज्यपाल, मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री की उपस्थिति में स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया जाएगा। इसके बाद राज्यपाल कार्यक्रम को संबोधित करेंगे और यात्रा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर अपने विचार रखेंगे। कार्यक्रम के अंत में एचएनबी मेडिकल एजुकेशन यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार डॉ. आशीष उनियाल धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करेंगे। समापन सत्र में वंदे मातरम् और राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का औपचारिक समापन होगा।

न्यूज़ हाइट (News Height) उत्तराखण्ड का तेज़ी से उभरता न्यूज़ पोर्टल है। यदि आप अपना कोई लेख या कविता हमरे साथ साझा करना चाहते हैं तो आप हमें हमारे WhatsApp ग्रुप पर या Email के माध्यम से भेजकर साझा कर सकते हैं!

Click to join our WhatsApp Group

Email: [email protected]

Author

Author: Pankaj Panwar
Website: newsheight.com
Email: [email protected]
Call: +91 9837825765

To Top