गीता धामी ने कहा- लोक संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण का मंच बनेगा उत्तरायणी कौथिक महोत्सव
सेवा संकल्प फाउंडेशन की संस्थापक गीता धामी ने प्रेस क्लब में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चार दिवसीय उत्तरायणी कौथिक महोत्सव-2026 की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि उत्तरायणी कौथिक महोत्सव लोक संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण का मंच बनेगा।
गीता धामी ने बताया कि परेड ग्राउंड में पांच से आठ फरवरी तक यह महोत्सव आयोजित होगा। इसमें प्रदेश के उन प्रेरणादायी व्यक्तित्वों को मंच और सम्मान प्रदान किया जाएगा जिन्होंने साहस, परिश्रम, संकल्प और प्रतिभा से समाज, गांव और प्रदेश को नई पहचान दिलाई है। ऐसे विशिष्ट व्यक्तित्वों को राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेनि) गुरमीत सिंह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी नंदा शिखर सम्मान से अलंकृत करेंगे। महोत्सव में प्रदेश के 13 जिलों से आए कारीगर, किसान, शिल्पकार, लोक कलाकार, लघु उद्यमी और स्वयं सहायता समूहों की बहनें एक ही मंच पर अपने उत्पादों और कला का प्रदर्शन करेंगी।
इसमें लोगों करीब 100 स्टॉल निशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे। यह पहल वोकल फॉर लोकल और आत्मनिर्भर उत्तराखंड की भावना को और मजबूती प्रदान करेगी। महोत्सव के दौरान उत्तराखंड के पारंपरिक खानपान, उत्पादों, मिलेट्स, हस्तशिल्प का जीवंत संगम देखने को मिलेगा। बच्चों के लिए सांस्कृतिक व रचनात्मक प्रतियोगिताएं और महिलाओं एवं बेटियों के लिए आत्म-सुरक्षा और सशक्तीकरण से जुड़े प्रशिक्षण कार्यक्रम भी किए जाएंगे।
महोत्सव की शुरुआत बृहस्पतिवार सुबह 11 बजे परेड ग्राउंड से निकलने वाली शोभायात्रा से होगी। इसमें मां नंदा देवी और गोलज्यू महाराज के साथ अन्य देवी-देवताओं की डोलियां, ढोल-नगाड़ों की गूंज के साथ जौनसारी, गढ़वाली, कुमाऊनी, गोरखाली व पंजाबी वेशभूषा भी देखने के लिए मिलेगी।
महोत्सव में नरेंद्र सिंह नेगी, पवनदीप राजन, ललित मोहन जोशी, बीके सामंत, सौरभ मैठाणी, गोविंद दिगारी, खुशी जोशी, इंदर आर्या एवं रेशमा शाह सहित अनेक प्रतिष्ठित कलाकार सहभागिता करेंगे। दायित्वधारी गीताराम गौड़ समेत फाउंडेशन से जुड़े अन्य अथिति उपस्थित रहे।
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 न्यूज़ हाइट के समाचार ग्रुप (WhatsApp) से जुड़ें
👉 न्यूज़ हाइट से टेलीग्राम (Telegram) पर जुड़ें
👉 न्यूज़ हाइट के फेसबुक पेज़ को लाइक करें
अपने क्षेत्र की ख़बरें पाने के लिए हमारी इन वैबसाइट्स से भी जुड़ें -





