12 दिन में साढ़े पांच लाख भक्तों ने किए दर्शन, धूप और बारिश भी आस्था के आगे नतमस्तक
Chardham Yatra 2025 चारधाम यात्रा 2025 में 12 दिनों के भीतर साढ़े पांच लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। केदारनाथ धाम में सबसे अधिक उत्साह देखा गया जहाँ प्रतिदिन 18 से 20 हजार तीर्थयात्री आ रहे हैं। खराब मौसम के बावजूद भक्तों का उत्साह कम नहीं हुआ और वे दर्शन के लिए तत्पर रहे। प्रशासन यात्रा को सुगम बनाने में जुटा है।
भारत-पाकिस्तान के बीच तनातनी के दरमियान भी चारों धाम में जबरदस्त उत्साह है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में तीर्थयात्री चारधाम दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। यहां भक्त भारत माता और भारतीय सेना के जयकारे भी लगा रहे हैं।
यात्रा शुरू होने के 12 दिन के भीतर ही साढ़े पांच लाख से अधिक तीर्थयात्री चारों धाम में मत्था टेक चुके हैं। सबसे अधिक उत्साह बाबा केदार के दर पर देखा जा रहा है। यहां कपाट खुलने के बाद 10 दिन में 2,26,853 तीर्थयात्री पहुंचे हैं।
30 अप्रैल को शुरू हुई थी चारधाम यात्रा
इस बार चारधाम यात्रा की शुरुआत 30 अप्रैल को यमुनोत्री व गंगोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ हुई थी। इसके बाद दो मई को केदारनाथ धाम के कपाट खुले और चार मई को बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने के साथ यात्रा ने पूर्णता प्राप्त की। पहले दिन से ही यात्रा में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है, जो निरंतर जारी है।
भक्तों के उत्साह का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि चारधाम का पल-पल बदलता मौसम भी उनके हौसले को डिगा नहीं पा रहा। तेज धूप और वर्षा में भी तीर्थयात्री कतार में लगकर तल्लीनता के साथ दर्शन के लिए अपनी बारी की प्रतीक्षा कर रहे है।
रविवार शाम तक 5,50,505 तीर्थयात्री चारों धाम में दर्शन कर चुके हैं। इनमें से 55,034 तीर्थयात्री रविवार को पहुंचे। इस दरमियान गंगोत्री में 10,773, यमुनोत्री में 9,866, केदारनाथ में 20,424 और बदरीनाथ में 13,971 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। सरकारी तंत्र तीर्थ यात्रियों की सुगम यात्रा को लेकर भी गंभीर है। प्रशासन ही नहीं, शासन स्तर पर भी लगातार यात्रा की निगरानी की जा रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं यात्रा का प्रतिदिन अपडेट ले रहे हैं।
केदारनाथ में नौ दिन में दो लाख दर्शन
केदारनाथ धाम में कपाट खुलने के नौवें दिन यानी शनिवार को ही दर्शन करने वालों का आंकड़ा दो लाख पार हो गया था। कपाट खुलने वाले दिन 30 हजार से अधिक तीर्थ यात्रियों ने बाबा केदार के दर्शन किए थे। इसके अगले दिन दर्शनार्थियों की संख्या 25 हजार रही और इन दिनों 18 से 20 हजार भक्त धाम पहुंच रहे हैं।
तीर्थ यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति और प्रशासन ने प्रतिदिन दर्शन का समय भी बढ़ाया है। अब स्कूलों में ग्रीष्मावकाश होने के बाद तीर्थ यात्रियों की संख्या में और वृद्धि होने की उम्मीद है।
जून 2013 में आई केदारनाथ आपदा से पहले के वर्षों पर गौर करें तो केदारनाथ में यात्रियों का आंकड़ा छह लाख के ऊपर नहीं पहुंचा, लेकिन वर्ष 2019 के बाद से निरंतर तीर्थ यात्रियों की संख्या बढ़ रही है। आपदा के बाद नए कलेवर में संवरी केदारपुरी को निहारने के लिए देश ही नहीं, विदेश से भी बड़ी संख्या में तीर्थयात्री केदारनाथ पहुंच रहे हैं। यात्रा की गति से सभी व्यवसायी उत्साहित हैं।
चारधाम में अब तक दर्शन करने वालों की संख्या
यमुनोत्री में 11 मई को 10,773 लोगों ने किए दर्शन। अब तक कुल 1,12,507 लोगों ने किए दर्शन।
गंगोत्री में 11 मई को 9,866 लोगों ने किए दर्शन। अब तक कुल 94,251 लोगों ने किए दर्शन।
केदारनाथ में 11 मई को 20,424 लोगों ने किए दर्शन। अब तक कुल 2,26,583 लोगों ने किए दर्शन।
बदरीनाथ में 11 मई को बदरीनाथ लोगों ने किए दर्शन। अब तक कुल 1,17,164 लोगों ने किए दर्शन

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 न्यूज़ हाइट के समाचार ग्रुप (WhatsApp) से जुड़ें
👉 न्यूज़ हाइट से टेलीग्राम (Telegram) पर जुड़ें
👉 न्यूज़ हाइट के फेसबुक पेज़ को लाइक करें
अपने क्षेत्र की ख़बरें पाने के लिए हमारी इन वैबसाइट्स से भी जुड़ें -
